रायपुर/जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एक शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शिक्षक ने फेसबुक पर हिंदू धर्मग्रंथों, ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बगीचा ब्लॉक के मिडिल स्कूल में पदस्थ है आरोपी शिक्षक
यह पूरा मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आया है। आरोपी शिक्षक की पहचान 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई है, जो कांसाबेल तहसील के ग्राम बिहावत का निवासी है। हेमंत बेदी वर्तमान में बगीचा ब्लॉक स्थित कूदमुरा मिडिल स्कूल में पदस्थ है।
आरोप है कि शिक्षक ने अपने निजी फेसबुक अकाउंट से हिंदू धर्म, देवी-देवताओं एवं पौराणिक ऋषि-मुनियों पर विवादित टिप्पणियां पोस्ट की थीं, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
विश्व हिंदू परिषद की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
इस विवादित पोस्ट के वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54 वर्ष) ने 17 अक्टूबर 2026 (15 अक्टूबर को पोस्ट देखने के बाद) थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी की टिप्पणी से जनभावनाएं आहत हुई हैं और इससे सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। शिकायत मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की और नियमानुसार जांच प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने लगा था शिक्षक, खदेड़कर पकड़ा गया
मामले की प्राथमिक जांच के तहत कुनकुरी पुलिस की टीम आरोपी हेमंत बेदी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने उसके गांव पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी शिक्षक ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) कुनकुरी राजेश कुमार साहू पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा एवं टीम ने की।
मामले पर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने या किसी भी समुदाय की आस्था को चोट पहुंचाने वाले प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। असामाजिक या विवादित सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध पुलिस कानून के दायरे में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।

