प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने 5 धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों से अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Must read

Babapost
Babaposthttps://www.babapost.in
हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा, कोसरंगी धान खरीदी केंद्रों और पिटियाझर मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्थाओं, किसानों को मिल रही सुविधाओं और उपार्जित धान के रखरखाव का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अधिकारियों और सहकारी समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की भराई, तौलाई अथवा अन्य किसी भी प्रक्रिया के नाम पर किसानों से पैसे नहीं लिए जाएं। यदि किसानों से अवैध वसूली की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने समितियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि धान भराई की निर्धारित राशि का भुगतान हमालों को किया जाए, ताकि किसानों पर किसी तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

Join WhatsApp Group

इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित खाद्य, मार्कफेड और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

किसानों से जानी व्यवस्थाओं की जानकारी

प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने बिरकोनी धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर किसानों से सीधे बातचीत की और धान खरीदी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान किसान राजेश चंद्राकर ने बताया कि उनके पास 53 एकड़ कृषि भूमि है और वे धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने समिति पहुंचे हैं।

इस पर प्रभारी सचिव ने टोकन वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को टोकन प्राप्त करने अथवा धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें – कलेक्टर ने टुहलू चेकपोस्ट और बोईरगांव धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, अवैध परिवहन रोकने के दिए सख्त निर्देश

वहीं किसान जीवन लाल द्वारा बिक्री के लिए लाए गए 144 क्विंटल धान की खरीदी प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि उस दिन 13 किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए थे। इसके अलावा केंद्र में धान खरीदी के कार्य के लिए 15 हमाल तैनात थे।

फार्मर रजिस्ट्री में खसरा नहीं दिखने पर किसानों को मिलेगी राहत

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने फार्मर रजिस्ट्री और खसरा मैपिंग से जुड़ी किसानों की समस्याओं को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनके प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में उपलब्ध एग्रीस्टेक पोर्टल पर मौजूद ‘धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प के माध्यम से खसरा मैपिंग की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों के खसरों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए, जिससे कोई भी पात्र किसान धान बेचने की सुविधा से वंचित न रहे। प्रशासन के अनुसार, धान खरीदी की अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की कार्रवाई की जा सकेगी।

तुमगांव और बेमचा केंद्रों में भी धान खरीदी का लिया जायजा

बिरकोनी के बाद प्रभारी सचिव ने तुमगांव धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। यहां केंद्र प्रभारी ने जानकारी दी कि अब तक 8 किसान अपना धान बेच चुके हैं। निरीक्षण के दिन एक किसान ने 16 क्विंटल धान का विक्रय किया।

इसके बाद बेमचा धान खरीदी केंद्र में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। यहां अधिकारियों ने बताया कि अब तक 59 किसानों से धान खरीदा जा चुका है, जबकि निरीक्षण के दिन 20 किसानों के टोकन जारी किए गए थे।

प्रभारी सचिव ने दोनों केंद्रों में मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, टोकन व्यवस्था, हमालों की उपलब्धता और धान के भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इस दौरान उन्होंने किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ अन्य फसलों की खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कृषि में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने से किसानों को आय के वैकल्पिक साधन मिल सकते हैं और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

सुरक्षित भंडारण के लिए दिए निर्देश

धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान निहारिका बारिक ने धान की गुणवत्ता और नमी की मात्रा की भी जांच की। बिरकोनी उपार्जन केंद्र में जांच के दौरान धान में 16 प्रतिशत नमी पाई गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही की जाए। साथ ही खरीदे गए धान को बारिश और नमी से सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त कवर, तिरपाल और ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रभारी सचिव ने धान के व्यवस्थित भंडारण और रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि खरीदी केंद्रों में उपलब्ध स्थान का बेहतर प्रबंधन किया जाए। बफर स्टॉक के लिए अलग से व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे खरीदे गए धान का सुरक्षित भंडारण किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी केंद्रों में जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार या परेशानी का सामना न करना पड़े।

महासमुंद जिले में 202 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से हो रही खरीदी

महासमुंद जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बड़े स्तर पर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। जिले की 159 सहकारी समितियों के अंतर्गत कुल 202 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के लिए कुल 1 लाख 62 हजार 566 किसानों का पंजीयन किया गया है।

जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के दौरान कुल 11,17,884 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 तक जिले में 7,240 किसानों से कुल 19,247.88 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी थी। वहीं, 149 सहकारी समितियों में 1,910 किसानों ने कुल 35.77 हेक्टेयर कृषि रकबा समर्पित किया है। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

More articles

Read Now