अवैध रेत पर बड़ी कार्रवाई: चेन माउंटेन मशीन व 8 ट्रैक्टर जब्त, दो भंडारण लाइसेंस रद्द

रायपुर. जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता

Written by: Admin

Published on: December 17, 2025

रायपुर. जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल और राजस्व अमले ने संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया, जिसमें एक चेन माउंटेन मशीन और आठ ट्रैक्टर जब्त किए गए।

खनिज अधिकारी के अनुसार, चांपा क्षेत्र में जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध भंडारण स्थल से एक ट्रैक्टर (लोडर) और अवैध परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टर पकड़े गए। खनिज नियमों के उल्लंघन के चलते इन सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त किया गया है।

इसी क्रम में ग्राम बरसपुर स्थित हसदेव नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया। वहीं तहसील बलौदा क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों को भी कार्रवाई के तहत जब्त किया गया है।

अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।

इसके अलावा जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमोदी में मेसर्स आर.बी. कंस्ट्रक्शन को दी गई गौण खनिज रेत की अस्थायी भंडारण लाइसेंस को बार-बार नियमों के उल्लंघन के कारण निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह ग्राम बम्हनीडीह में ही मेसर्स बाबा सिद्धेश्वर कंस्ट्रक्शन के पक्ष में स्वीकृत अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति को अनियमितता, भंडारण नियमों के उल्लंघन और कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं करने के चलते रद्द किया गया है।

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में 35 हजार करोड़ का ऐतिहासिक अनुपूरक बजट पारित, किसान-महिला-विकास पर बड़ा फोकस

Previous

छत्तीसगढ़ विधानसभा में 35 हजार करोड़ का ऐतिहासिक अनुपूरक बजट पारित, किसान-महिला-विकास पर बड़ा फोकस

Next

UP Lekhpal Bharti 2025 Latest News: PET के आधार पर चयन, जानें 10 बड़ी बातें