नई दिल्ली. कांग्रेस ने पंजाब की पूर्व विधायक और नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस विवादित बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि “जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।”
नवजोत कौर ने क्या कहा था?
राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कथित रूप से कहा था कि “हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं, लेकिन हमारे पास मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपये देने को नहीं हैं। जो 500 करोड़ का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।
जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या किसी ने उनसे या उनके पति से ऐसी रकम की मांग की थी, तो उन्होंने कहा कि किसी ने पैसे नहीं मांगे, लेकिन सिस्टम ऐसा ही काम करता है।
सफाई देने के बाद भी नहीं बनी बात
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद नवजोत कौर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने लिखा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने उनसे कभी कुछ नहीं मांगा और न ही किसी आर्थिक लेन-देन की बात है। उनका कहना था कि उनसे पूछा गया था कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बन सकते हैं, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि “हमारे पास ऐसे पद के लिए किसी को देने को कोई पैसा नहीं है।” हालांकि उनकी सफाई के बावजूद कांग्रेस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
नवजोत कौर सिद्धू के बयान ने राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी।
भाजपा और आम आदमी पार्टी ने इस बयान को कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला बताया।
महिंद्रा XUV7XO का टीज़र जारी: नए ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, प्रीमियम इंटीरियर और दमदार फीचर्स का खुलासा