रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 से 30 नवंबर 2025 तक भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक (DGP/IGP) के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। यह वार्षिक सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक चलेगा।
यह राष्ट्रीय सम्मेलन सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने, महत्वपूर्ण पुलिस चुनौतियों की समीक्षा करने और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करने पर केंद्रित है। इस वर्ष का थीम है— ‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’।
सम्मेलन के दौरान वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोधक रणनीतियाँ, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आधुनिक पुलिसिंग, फोरेंसिक साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे प्रमुख विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर प्रधानमंत्री विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
यह सम्मेलन देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रबंधकों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विविध मुद्दों पर खुली, रचनात्मक और परिणामकारी चर्चा का मंच प्रदान करता है। इसमें अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियाँ और पुलिस बलों के लिए तकनीकी एवं अवसंरचनात्मक सुधार जैसे विषय शामिल रहेंगे।
वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस सम्मेलन के स्वरूप में लगातार सुधार हुआ है और इसे हर वर्ष देश के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आयोजित किया जाता है। बता दें कि यह सम्मेलन गुवाहाटी (असम), कच्छ के रण (गुजरात), हैदराबाद (तेलंगाना), टेकनपुर (ग्वालियर, मध्य प्रदेश), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया, गुजरात), पुणे (महाराष्ट्र), लखनऊ (उत्तर प्रदेश), नई दिल्ली, जयपुर (राजस्थान) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित किया जा चुका है। इसी परंपरा को जारी रखते हुए, इस वर्ष 60वां पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। साथ ही नवाचारपूर्ण विचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से DIG और SP स्तर के अधिकारी भी शामिल होंगे।
CGPSC 2025 नोटिफिकेशन जारी: 238 पदों पर वैकेंसी, जानें आवेदन तिथि और पात्रता