चेहरे की साफ, स्मूद और बेदाग स्किन हर किसी की ख्वाहिश होती है। खासतौर पर महिलाएं चाहती हैं कि आईने में देखते ही स्किन एकदम निखरी हुई नजर आए। लेकिन कील-मुंहासे न सिर्फ चेहरे की खूबसूरती बिगाड़ते हैं, बल्कि इनके ठीक होने के बाद भी गड्ढे और निशान छोड़ जाते हैं। यही एक्ने स्कार्स लंबे समय तक चेहरे पर बने रहते हैं और आत्मविश्वास को भी प्रभावित करते हैं। अगर आपके चेहरे पर गड्ढे ज्यादा गहरे नहीं हैं, तो सही स्किन केयर और कुछ घरेलू उपायों से इनमें काफी हद तक सुधार लाया जा सकता है।
चेहरे पर गड्ढे क्यों पड़ जाते हैं
जब मुंहासे बहुत ज्यादा सूजन वाले, दर्दनाक या बार-बार निकलने वाले होते हैं, तो वे स्किन की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचाते हैं। कई लोग पिंपल्स को दबा या फोड़ देते हैं, जिससे इंफेक्शन बढ़ जाता है और स्किन खुद को ठीक से रिपेयर नहीं कर पाती। इसी वजह से चेहरे पर एक्ने स्कार्स या गड्ढे बन जाते हैं।
आलू के रस से गड्ढों में सुधार
आलू में मौजूद नेचुरल एंजाइम्स और विटामिन स्किन की रंगत सुधारने और दाग-धब्बे हल्के करने में मदद करते हैं। एक आलू को कद्दूकस कर उसका रस निकाल लें और इसमें नारियल तेल की दो से तीन बूंदें मिलाएं। इस मिश्रण को गड्ढे वाली जगह पर हल्के हाथों से मसाज करें। नियमित इस्तेमाल से स्किन टेक्सचर बेहतर दिखने लगता है।
दही और बेसन का फेस पैक
दही और बेसन का फेस पैक स्किन को डीप क्लीन करता है और पोर्स में जमी गंदगी को हटाने में मदद करता है। दही और बेसन को मिलाकर चेहरे पर लगाएं और करीब 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। इससे स्किन साफ होती है और धीरे-धीरे गड्ढे हल्के नजर आने लगते हैं।
फ्रूट आइस क्यूब से मसाज
फ्रूट आइस क्यूब से मसाज करने से पोर्स टाइट होते हैं और स्किन को ताजगी मिलती है। पपीता, एलोवेरा या संतरे के पल्प से आइस क्यूब बनाकर रोज हल्के हाथ से चेहरे पर रब करें। कुछ ही दिनों में स्किन की बनावट में फर्क महसूस होने लगता है।
टॉवेल स्क्रब का सही तरीका
कोरियन स्किन केयर में टॉवेल स्क्रब काफी लोकप्रिय है। इसके लिए पहले चेहरे पर हल्का सा तेल लगाएं, फिर गुनगुने पानी में टॉवेल भिगोकर निचोड़ लें। अब टॉवेल से चेहरे पर बहुत हल्के हाथ से मसाज करें। ध्यान रखें कि ज्यादा रगड़ न करें, वरना स्किन में जलन या रैशेज हो सकते हैं।
इन बातों का रखें खास ध्यान
एक्ने स्कार्स तभी हल्के होते हैं जब नए मुंहासे निकलना बंद हो जाएं। अगर चेहरे पर लगातार पिंपल्स आ रहे हैं, तो सबसे पहले उनकी समस्या को कंट्रोल करना जरूरी है। किसी भी नए घरेलू उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आप किसी ब्यूटी ट्रीटमेंट या मेडिकल इलाज से गुजर रहे हैं, तो घरेलू नुस्खे अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर होता है।