धुरंधर 2: निर्देशक आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रणवीर सिंह की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का ट्रेलर शनिवार, 7 मार्च को सुबह 11:01 बजे रिलीज़ होने वाला है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी घोषणा की और फैंस को ट्रेलर के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने बताया कि फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और इसे हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ किया जाएगा।
भारत में कब शुरू होगी ‘धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग
फिल्म की रिलीज़ डेट करीब आने के साथ ही दर्शक एडवांस टिकट बुकिंग का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च के बाद भारत में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की एडवांस बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है। विदेशों जैसे अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में पहले ही एडवांस टिकट सेल शुरू कर दी गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि ट्रेलर रिलीज़ के बाद भारतीय दर्शक भी फिल्म की टिकटें पहले से बुक कर सकेंगे।
पेड प्रीव्यू शो कब से होंगे शुरू
फिल्म के मेकर्स ने रिलीज़ से पहले खास रणनीति बनाई है। उम्मीद है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के पेड प्रीव्यू शो 18 मार्च को शाम 5 बजे से शुरू हो सकते हैं। इन शुरुआती शो के जरिए मेकर्स को सिनेमाघरों में अच्छी भीड़ की उम्मीद है। फिल्म को लेकर पहले से बना हुआ हाइप यह संकेत दे रहा है कि शुरुआती कलेक्शन के मामले में यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड भी बना सकती है।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कहानी और स्टार कास्ट
आदित्य धर द्वारा लिखी और निर्देशित यह फिल्म पहले भाग की कहानी को आगे बढ़ाएगी। रणवीर सिंह एक बार फिर जासूस हमज़ा अली मज़ारी के किरदार में नजर आएंगे, जिन्हें जसकीरत सिंह रंगी के नाम से भी जाना जाता है। फिल्म में संजय दत्त एसपी चौधरी असलम के रोल में दिखाई देंगे, जबकि अर्जुन रामपाल मेजर इकबाल की भूमिका निभाएंगे। आर. माधवन अजय सान्याल के किरदार में नजर आएंगे और सारा अर्जुन व राकेश बेदी भी अपनी पिछली भूमिकाओं को दोहराते दिखेंगे। हालांकि फिल्म की आधिकारिक कहानी अभी गोपनीय रखी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें जसकीरत सिंह रंगी के हमज़ा अली मज़ारी बनने की यात्रा पर खास फोकस किया जाएगा।
बड़े स्तर पर रिलीज़ होगी ‘धुरंधर 2’
पहली फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज़ के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए थे। उस समय यह फिल्म केवल हिंदी में रिलीज़ हुई थी, लेकिन इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को बड़े स्तर पर कई भाषाओं में रिलीज़ किया जा रहा है। मल्टी-लैंग्वेज रिलीज़ और बड़े पैमाने पर प्रमोशन को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर सकती है और नए रिकॉर्ड भी बना सकती है।