महासमुंद. बसना थाना क्षेत्र की चौकी भंवरपुर पुलिस ने ग्राम बड़े साजापाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र, गला हुआ सोना और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को सुबह करीब 11 बजे शासकीय प्राथमिक शाला बड़े साजापाली में प्रधानपाठक नानबाई चौधरी 55 वर्ष मौजूद थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति स्कूल में घुसा और चाकू दिखाकर बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोपी ने डर दिखाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। बचाव के प्रयास में प्रधान पाठिका के बाएं हाथ की उंगली में चाकू से चोट आई और आरोपी उनका मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गया। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 333, 309(4)(1) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण की मदद ली।
जांच के आधार पर लूट के मुख्य आरोपियों को पकड़ने के साथ ही लूटे गए जेवरात की खरीद-बिक्री में शामिल नेटवर्क तक पुलिस पहुंची। इस कार्रवाई में विशाल सिदार (19), रूपानंद सिदार (31), मुकेश चौहान (38), गोकुल चौहान (36), भावेश पटेल (20), सूरज ज्वेलर्स सरायपाली के संचालक कौस्तुभ गुप्ता और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का एक पदक, मंगलसूत्र के 10 गेहूं दाने, 1.5 ग्राम गला हुआ सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

