महासमुंद. छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, महासमुंद वृत्त द्वारा विद्युत बकाया राशि की वसूली एवं विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से महासमुंद एवं गरियाबंद जिलों में सघन विशेष जांच एवं डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत महासमुंद, सरायपाली, पिथौरा एवं गरियाबंद संभागों में एक साथ कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान में पूर्व में स्मार्ट मीटरों के माध्यम से रिमोट डिस्कनेक्शन तथा नॉन-स्मार्ट मीटरों में भौतिक रूप से विद्युत विच्छेदन किए गए कनेक्शनों की जांच की गई। साथ ही बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान कुल 188 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। इनमें से 37 उपभोक्ताओं द्वारा अपने बकाया विद्युत देयकों का भुगतान करते हुए मौके पर कुल 7 लाख 30 हजार की राशि जमा की गई। वहीं, जांच के दौरान 73 उपभोक्ता ऐसे पाए गए, जिन्होंने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया था तथा विद्युत विच्छेदन के बावजूद स्वयं लाइन जोड़कर, मीटर बायपास कर अथवा सीधे एलटी लाइन से अवैध हुकिंग करके विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। इन सभी 73 उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग के संबंध में पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
इन 73 प्रकरणों में महासमुंद संभाग के 23, सरायपाली संभाग के 28, पिथौरा संभाग के 15 एवं गरियाबंद संभाग के 7 उपभोक्ता शामिल हैं। संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इनके विरुद्ध नियमानुसार आकलन एवं बिलिंग की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रकरणों को विशेष विद्युत न्यायालय में प्रस्तुत करने एवं संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन बकाया राशि के कारण विच्छेदित किए गए हैं, वे बकाया राशि का भुगतान किए बिना स्वयं लाइन जोड़कर अथवा किसी अन्य अनधिकृत तरीके से विद्युत का उपयोग कदापि न करें।
इसे भी पढ़ें – महासमुंद-गरियाबंद में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 195 कनेक्शन जांचे, 53 उपभोक्ता पकड़े गए
बकाया राशि का भुगतान किए बिना स्वयं लाइन जोड़कर बिजली का उपयोग न करें। ऐसा करने पर विद्युत कंपनी द्वारा पुनः तत्काल विद्युत विच्छेदन के साथ विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में पंचनामा तैयार कर प्रकरण विशेष विद्युत न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। यह कार्रवाई केवल वर्तमान अभियान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लगातार जारी रहेगी। उपभोक्ता बकाया राशि का भुगतान कर तथा विद्युत कंपनी की अनुमति प्राप्त कर ही अपना कनेक्शन पुनः संयोजित कराएं।
उल्लेखनीय है कि महासमुंद वृत्त में इस प्रकार का विशेष जांच एवं डिस्कनेक्शन अभियान आगामी मार्च माह 2027 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से बकाया राजस्व की वसूली, विद्युत चोरी पर नियंत्रण तथा अवैध रूप से संचालित विद्युत कनेक्शनों को नियमित कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
समाधान योजना का लाभ लेने की अपील
विद्युत कंपनी की ओर से महासमुंद वृत्त के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। पात्र उपभोक्ता योजना के अंतर्गत अपना पंजीयन कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बकाया राशि का भुगतान करें तथा मूल राशि एवं अधिभार (सरचार्ज) में मिलने वाली छूट का लाभ प्राप्त करें।
समाधान योजना के माध्यम से उपभोक्ता अपने पुराने बकाया विद्युत बिलों का निराकरण कराकर अपने कनेक्शन एवं बिलों को नियमित कर सकते हैं तथा बकाया राशि के कारण होने वाली विद्युत विच्छेदन एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई से बच सकते हैं।
विद्युत कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विद्युत देयकों का नियमित भुगतान करें, विच्छेदित कनेक्शन को स्वयं जोड़कर बिजली का उपयोग न करें तथा विद्युत कंपनी की राजस्व वसूली एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। बकाया राशि की वसूली, विद्युत चोरी पर नियंत्रण एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग के विरुद्ध सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

