महासमुंद. कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा एवं रवि कुमार साहू सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और आगामी आयोजनों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की तैयारियों पर विशेष जोर
कलेक्टर लंगेह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस का गरिमामय और भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
आधार बेस्ड उपस्थिति और ई-ऑफिस व्यवस्था अनिवार्य
बैठक में कलेक्टर ने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहें। उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत सभी फाइलों का मूवमेंट केवल ई-फाइल के माध्यम से करने को अनिवार्य बताया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने गढ़पुलझर, झलप, खल्लारी, सलखण्ड और दुर्गापाली में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के समय-सीमा में और गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी और किसानों की सुविधा पर फोकस
धान खरीदी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया निरंतर जारी रहे और उठाव में देरी के कारण किसी भी स्थिति में खरीदी बंद न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनहित योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश
बैठक में पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अचानकमार टाइगर रिजर्व में फायरिंग कर वीडियो बनाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार