रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली परीक्षाओं का संचालन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा प्रबंधन से जुड़ा एक अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर तैयार किया जाएगा, जिससे पूरी भर्ती प्रक्रिया डिजिटल और अधिक विश्वसनीय बन सके।
मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में भर्ती प्रक्रिया के क्रियान्वयन, सॉफ्टवेयर निर्माण और एजेंसी चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भर्ती प्रक्रिया के नियम, शर्तें और परीक्षा प्रणाली पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ तय की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियम तैयार करते समय छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) से आवश्यक सहयोग लिया जाए। इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग (SSC) और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की भर्ती प्रक्रियाओं और परीक्षा प्रबंधन प्रणाली का भी गहन अध्ययन किया जाए, ताकि राज्य में एक मजबूत और विश्वसनीय भर्ती तंत्र विकसित किया जा सके।
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार सहित सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, चिप्स (CHiPS), छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और सामान्य प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा प्रबंधन को पूरी तरह तकनीकी प्लेटफॉर्म पर आधारित करने और अभ्यर्थियों को सुविधाजनक एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सरकार की इस पहल से आने वाले समय में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने, परीक्षा प्रक्रिया को तेज करने और अभ्यर्थियों का भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी। नई डिजिटल प्रणाली से आवेदन, परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनने की उम्मीद है।










