महासमुंद. सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा खरोरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर संस्कृति मैरिज पैलेस के नजदीक हुआ। तेज रफ्तार बाइक सामने चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही क्रेटा कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरंड निवासी कुनाल नेताम के रूप में हुई है। वह पुलिस कांस्टेबल मोतीलाल नेताम का बेटा था। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मेटाडोर को ओवरटेक करते समय सामने आई कार
जानकारी के मुताबिक, कुनाल नेताम सोमवार शाम करीब 4 बजे बाइक क्रमांक सीजी 06 एचएच 0335 से घोड़ारी की ओर से महासमुंद शहर की तरफ आ रहा था। खरोरा स्थित संस्कृति मैरिज पैलेस के पास वह आगे चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक करने लगा।
इसी दौरान सामने से क्रेटा कार क्रमांक सीजी 07 सीजेड 8444 आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेटाडोर की वजह से बाइक चालक को सामने से आ रही कार का स्पष्ट अंदाजा नहीं हो सका और ओवरटेक करते समय बाइक सीधे कार के ड्राइवर साइड हिस्से से टकरा गई।
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में फॉरेंसिक टीम ने बाइक की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे होने का अनुमान जताया है।
तेज रफ्तार के कारण टक्कर बेहद भीषण बताई जा रही है। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक के अगले पहिए की रिंग टूटकर क्रेटा कार के अगले हिस्से में जा फंसी। टक्कर के बाद बाइक करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
कार सवारों को नहीं आई चोट
हादसे के समय क्रेटा कार में भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम निवासी राहुल चौधरी, पिता पुनीत राम चौधरी और पुनीत राम चौधरी, पिता क्षमता निधि चौधरी सवार थे। हादसा गंभीर होने के बावजूद कार में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
वहीं बाइक सवार कुनाल नेताम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को एंबुलेंस के जरिए मर्चुरी भेज दिया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
शाम होने के कारण सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





