महासमुंद. बिजली सब स्टेशन नवरंगपुर के ऑपरेटर के साथ मारपीट किए जाने के मामले में आरोपियों के विरूद्ध सरायपाली थाने में जुर्म दर्ज किय गया है।
पुलिस को बिजली सब स्टेशन नवरंगपुर में तैनात ऑपरेटर मृत्युंजय पटेल ने बताया कि 05 सितंबर को 11 बजे ग्राम नवरंगपुर के खगेश्वर साहू ने सब स्टेशन में आकर बिजली बंद होने की बात को लेकर उसके साथ गाली गलौज किया था। इसके बाद पुन: लगभग 11:15 बजे खगेश्वर साहू अपने साथ गांव के केशव साहू और राजेश साहू को लेकर सब स्टेशन नवरंगपुर में आया और तीनों ने मिलकर गाली गलौज कर हाथ मुक्का से मारपीट किया।
उस समय सब स्टेशन के स्टाफ महेश चौहान एवं कुश कुमार भोई ने समझाकर उनको वापस जाने के लिए कहा। उसके बाद पुन: 1:30 बजे खगेश्वर साहू, राजेश साहू, केशव साहू, खीरसाय साहू चारों सब स्टेशन नवरंगपुर में आए और चारों व्यक्तियों ने मिलकर हाथ मुक्का से मारपीट किया। मामले में चारों आरोपियों के विरूद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।






