महासमुंद. अपना दल (एस) के छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष पटेल श्रीधर चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ पटवारी संघ की मांगों को जायज ठहराते हुए राज्य सरकार से अपील की है कि पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से अतिशीघ्र चर्चा कर उनकी समस्याओं का उचित निराकरण किया जाए।
पटेल श्रीधर चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में धान की अर्ली वैरायटी 1010 की कटाई शुरू हो गई है। ऐसे समय में पटवारी संघ की मांगों और समस्याओं का समाधान नहीं होने से किसानों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। धान की कटाई का समय किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में राजस्व संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा से किसानों को परेशानी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पटवारी राजस्व व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और किसानों से जुड़े अनेक कार्यों में उनकी अहम भूमिका रहती है। इसलिए उनकी जायज मांगों को गंभीरता से सुनना और समय पर समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें – महासमुंद में भीषण सड़क हादसा: एनएच-53 पर ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत और 3 घायल
पटेल श्रीधर चंद्राकर ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह पटवारी संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित करे, उनकी समस्याओं को समझे और सकारात्मक पहल करते हुए उचित निर्णय ले। सरकार और पटवारी संघ के बीच संवाद से ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान, दोनों ही आवश्यक हैं। सरकार को ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे पटवारियों की जायज मांगों का निराकरण हो। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।

