महासमुंद. बागबाहरा वृत्त अंतर्गत ग्राम बोकरामुड़ा में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई करने गई टीम को बंधक बनाने, मारपीट करने, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में 11 से ज्यादा आरोपियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता और लोक संपत्ति का नुकसानी निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
घटना को लेकर आबकारी उप निरीक्षक बागबाहरा आनंद स्वर्णकार ने बागबाहरा थाने में आवेदन देकर बताया कि 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के देहानीपारा में दसोबाई मांझी के द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर बिक्री की जा रही है। इसके बाद वह अपने स्टाफ आरक्षक सौरभ सिंह सेन, महिला आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर, गार्ड जागेश्वर साहू शासकीय प्रीमियम शराब दुकान के सेल्समैन ललित राजपूत और अधिग्रहित बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 04 पीजेड 3523 में वाहन चालक भूपेश कुमार नायक के साथ कार्रवाई के लिए रवाना हुआ।
गांव मे पहुंचकर उक्त महिला दसोबाई मांझी के मकान में पहुंचे, तो वहां तीन-चार व्यक्ति बैठकर शराब पी रहे थे, जो उन लोगों को देखकर भाग गए। इसके बाद मकान की तलाशी के दौरान 20 लीटर वाले चार प्लास्टिक के जेरिकेन में महुआ शराब का पास भरा हुआ था। इसके बाद प्रार्थी द्वारा उक्त महिला दसोबाई मांझी के खिलाफ अवैध रूप से शराब बनाने एवं बिक्री करने के संबंध में कार्रवाई कर लिखा पढ़ी की जा रही थी। इसी दौरान तीन-चार लोग जो शराब पी रहे थे, वे वहां पर आ गये और प्रार्थी और स्टाफ के साथ बहस करने लगे। तभी खेमबती मांझी, जो दसोबाई की देवरानी है, ने शासकीय दस्तावेजों को फाड़ दिया और दसोबाई मांझी के द्वारा उक्त जेरिकेन एवं लोटे मे भरे महुआ शराब को फेंक दिया गया। वहीं अन्य लोग गाली गलौज कर साथ में गए शासकीय प्रीमियम मदिरा दुकान के सेल्समैन ललित राजपूत के ऊपर आरोप लगाते कहने लगे कि इसके द्वारा ही हम लोगों को पकड़वाया गया है। यह कहकर वे लोग ललित राजपूत से मारपीट करने लगे, जब प्रार्थी ने छुड़ाने की कोशिश की तब वे उसके साथ भी मारपीट करने लगे और वर्दी को फाड़ दिया।
इसे भी पढ़ें – अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला, महिला कर्मचारी समेत 6 घायल, सरकारी वाहन में तोड़फोड़
इसके बाद स्टाफ सौरभ सिंह सेन के द्वारा छुड़ाया गया तो उसके साथ भी झुमाझटकी हुई। आरोपियों द्वारा हल्का गांव के ब्रम्हा गोंड़, विष्णु गोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़, कुलेश्वर गोंड़, सहित अन्य लोगो को भी बुलाया गया और वाहन को तोड़ने, आग लगाने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। तब ड्राइवर भूपेश नायक वाहन को रिवर्स करने लगा, इस पर आरोपियों द्वारा वाहन को धक्का देकर खेत में गिरा दिया गया और ललित राजपूत को गाड़ी से निकालकर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ भी लाठी, डंडा और पत्थर फेंककर मारपीट किया गया।
इस दौरान आरक्षक सौरभ सिंह सेन, महिला आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर को खेमबती मांझी दसोबाई मांझी और अन्य महिलायें और पुरूषों ने बंधक बनाकर रखा था, जब प्रार्थी वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी बीच हमारे स्टाफ वाहन चालक भूपेश नायक के द्वारा डायल 112 को काल कर घटना की सूचना दी गई।
वहीं बागबाहरा पुलिस ने आवेदन के अवलोकन पश्चात प्रथम दृष्टया आरोपी खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी एवं आरोपी ब्रम्हा गोंड़, विष्णुगोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़, कुलेश्वर गोंड़ एवं अन्य लोगों के खिलाफ धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(1), 127(2), 126(2), 296, 115(2), 221, 351(3), 324(3), 324(4), 238(ग ), 241 BNS, लोक संपत्ति का नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

