महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस की निगरानी के बीच एक गिरफ्तार आरोपी के अस्पताल से फरार होने का मामला सामने आया है। नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार 20 वर्षीय दिनेश सिंह राजपूत को इलाज के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसकी सुरक्षा के लिए दो पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद आरोपी गुरुवार सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
तस्करी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को नशीली टैबलेट की तस्करी के मामले में दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। 20 वर्षीय आरोपी पर ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी करने का आरोप है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द होने और झटके आने की शिकायत की। इसके बाद सरायपाली में प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में भर्ती आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी दो पुलिस जवान को सौंपी गई थी। दोनों जवानों की तैनाती के बावजूद आरोपी के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच एक पुलिस जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा जवान डॉक्टर से जुड़े काम में व्यस्त था। इसी दौरान वह अस्पताल से भाग निकला।
मजदूरों को दूसरे राज्य ले जाने वाले ठेकेदार सावधान! महासमुंद कलेक्टर-एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश
बताया जा रहा है कि है कि आरोपी के पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह पुलिस की निगरानी से बचकर कैसे फरार हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज की जांच
आरोपी के अस्पताल से फरार होने के बाद पुलिस अब सुरक्षा में हुई चूक के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि फरारी के समय आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगी थी या नहीं और उसकी निगरानी के लिए किस तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपी के भागने के रास्ते और फरारी से पहले की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश कर रही है।
मामले में सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई जारी बताई गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर की चूक का फायदा उठाकर फरार हुआ।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई: एडिशनल एसपी
इस मामले में एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी सुबह अस्पताल से फरार हुआ है। घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने फरार आरोपी को जल्द पकड़ने और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान हुई चूक का पता लगाने की चुनौती है। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।
बागबाहरा के शासकीय कॉलेज में बना ओपन स्टेडियम, विद्यार्थियों को मिली आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात

