महासमुंद. ग्राम तमोरा के वन कक्ष क्र. 95, 96 में अतिक्रमण कर बनाए गए मेड़ का समतलीकरण कराने के दौरान कुछ लोगों ने सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली गलौज और मारपीट की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले की रिपोर्ट पर खल्लारी थाने में आरोपियों के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
खल्लारी पुलिस को सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा व 52 सर्किल आमाकोनी में पदस्थ नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि 13 मई को वन परिक्षेत्र बागबाहरा अंतर्गत परिवृत्त आमाकोनी वन कक्ष क्रमांक 95, 96 तमोरा में वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों एवं चौकीदारों को साथ जाकर अतिक्रमणकारियों द्वारा पूर्व में अतिक्रमण कर मेड़ बनाया गया था। जिसका चौकीदारों के द्वारा समतलीकरण कराया जा रहा था, इसी दौरान सुबह करीबन 10 बजे चंदन पिता मोहन निषाद, सुखराम पिता साधवा खैरवार, लक्ष्मीबाई पति पिपरी ध्रुव एवं अन्य अतिक्रमणकारी सभी निवासी ग्राम तमोरा अपने हाथ में डंडा लिए आए और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए सभी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां और मारपीट करने की धमकी देने लगे। प्रार्थी ने बताया कि उसने घटना को वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा लोकनाथ ध्रुव को अवगत कराया है। रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध खल्लारी थाने में धारा 296, 221, 132, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।









