Chhattisgarh Holidays 2026 रायपुर: छत्तीसगढ़ में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही छुट्टियों की लंबी कतार लग गई है। अक्टूबर के आने वाले 15 दिनों में दशहरा अवकाश और अन्य स्थानीय छुट्टियों के चलते सरकारी कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। यदि आप भी अपने किसी जरूरी काम से सरकारी दफ्तर जाने की सोच रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों का यह कैलेंडर जरूर देख लें, वरना आपको मायूस होकर लौटना पड़ सकता है। वहीं राज्य के स्कूलों में भी पांच दिनों की छुट्टियां रहेंगी।
कब-कब बंद रहेंगे दफ्तर?
अक्टूबर के इस त्योहारी हफ्ते में सरकारी और प्रशासनिक तंत्र की रफ्तार पर ब्रेक लगने वाला है। छुट्टियों का पूरा शेड्यूल कुछ इस प्रकार है:
- 19 अक्टूबर (सोमवार): रायपुर और नया रायपुर क्षेत्र में महाअष्टमी का स्थानीय अवकाश निर्धारित है।
- 20 अक्टूबर (मंगलवार): विजयादशमी यानी दशहरा का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
- 21 अक्टूबर (बुधवार): इस दिन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे।
- 17 से 21 अक्टूबर तक स्कूलों में दशहरा अवकाश घोषित किया गया है।
जनता की बढ़ी मुश्किलें: अटकी फाइलें और बढ़ता इंतजार
सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट आम जनता के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो गया है कि उनकी अटकी हुई फाइलें कब आगे बढ़ेंगी। किसी को जरूरी प्रमाण पत्र बनवाना है, तो कोई अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए परेशान है।
त्योहारों की ये छुट्टियां कर्मचारियों के लिए तो परिवार के साथ वक्त बिताने का एक सुनहरा मौका हैं, लेकिन अपने जरूरी कामों को लेकर भटक रहे आम नागरिकों के लिए यह किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं है। ऐसे में किसी भी कार्यालय जाने से पहले छुट्टियों की स्थिति पुख्ता करना समझदारी होगी।
कोर्ट में कब से शुरू होगा नियमित कामकाज?
न्यायिक कामकाज की बात करें तो छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के ऑफिशियल कैलेंडर के अनुसार 19 से 23 अक्टूबर तक दशहरा अवकाश घोषित किया गया है। इसके तुरंत बाद 24 और 25 अक्टूबर को क्रमशः शनिवार और रविवार है। ऐसे में हाईकोर्ट में नियमित कामकाज अब सीधे 26 अक्टूबर, सोमवार से ही शुरू होने की संभावना है। वहीं, जिला अदालतों का अवकाश कार्यक्रम संबंधित स्थानीय न्यायालयों के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होगा।
छुट्टियों के बाद बढ़ेगा पेंडिंग कामों का भारी दबाव
लगातार मिलने वाले इन अवकाशों के बाद सरकारी कार्यालयों और अदालतों में लंबित फाइलों और मामलों का अंबार लगना तय है। छुट्टियों के खत्म होने के बाद सबसे बड़ी चुनौती प्रशासनिक तंत्र के सामने कामकाज को दोबारा पटरी पर लाने और सामान्य गति से चलाने की होगी। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।

