बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन सहित लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशन में अर्जुनी वन परिक्षेत्र में की गई।
वन विभाग को पहले से ही अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई थी। अधिकारियों ने संबंधित स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

रात में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
8 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वन विभाग की टीम ने बंगलापाली के पास दबिश दी। इस दौरान टीम ने आरोपियों को सागौन लकड़ी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से महिंद्रा जीतो प्लस वाहन भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग लकड़ी के परिवहन में किया जा रहा था।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
इस मामले में गंगाराम सागर, शिवप्रसाद केवट, अंजोर साहू, कैलाश यादव और भुनेश्वर पटेल को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
वन संपदा की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास
वन विभाग द्वारा जब्त की गई लकड़ी और वाहन को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया है। विभाग का कहना है कि अवैध कटाई और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
इस तरह की कार्रवाई न केवल वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ा संदेश भी देती है।
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: मास्टर पैनल ऑपरेटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
CG News : जंगल की जमीन को निजी बताकर बिक्री का मामला. प्रशासन सख्त, सभी गतिविधियां प्रतिबंधित