महासमुंद. चलती कार में मारपीट के बाद मौत होने पर मृतक के तीन दोस्तों ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर महानदी किनारे में शव को दफना दिया। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि 22.05.26 की रात्रि में जब भुनेश्वर यादव के घर ना लौटने पर उसकी पत्नी द्वारा अपने पति के मित्रों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ व खोजबीन के बाद कहीं पता नहीं चलने पर मंदिर हसौद थाने में 28 मई को भुनेश्वर यादव पिता आनंद राम यादव (38 साल), निवासी इंदिरा कालोनी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर गुम इंसान क्र. 59/ 2026 दर्ज कराया गया।
प्रकरण की जांच पर गुमशुदा भुनेश्वर यादव की पत्नी ने बताया कि 22 मई की रात में जब उसने अपने पति को कॉल किया तब उसने पति की आवाज के अलावा उसके मित्रों नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत, हेमचंद बंजारे की आवाज भी सुनना बताया। मृतक की पत्नी के द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत, हेमचंद बंजारे को पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ एवं जांच की गई। जिस पर घटना दिनांक को मोबाईल लोकेशन के आधार पर मृतक एवं संदिग्ध आरोपियों को नांदगांव में होना पाया गया।
पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद संदिग्ध आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। तत्पश्चात आरोपियों की निशानदेही पर नांदगांव स्थित नदी किनारे टापू पर मंदिर हसौद पुलिस द्वारा गुमशुदा भुनेश्वर यादव पिता आनंद राम यादव (38 साल), निवासी इंदिरा कालोनी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के शव को खोद कर निकाला गया।
यह है पूरा मामला
पुलिस को इस जघन्य हत्या की जांच में पता चला कि 22.05.2026 की रात्रि करीबन 11.30 बजे नोहर रात्रे की ब्रेजा कार क्र. सीजी 04 पीएच/9996 में भुनेश्वर यादव, आरोपीगण नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत, हेमचंद बंजारे सभी शराब पीते हुए नांदगांव महासमुंद की ओर आ रहे थे। आरोपी नोहर रात्रे जो पार्षद भी है, से मृतक भुनेश्वर यादव का उनके मोहल्ले में पानी की किल्लत को लेकर कार में ही विवाद हुआ था और दोनों में मारपीट होने पर हेमचंद बंजारे, अमित सिंह राजपूत ने बीच बचाव किया। इस पर मृतक उन दोनों से भी मारपीट गाली गलौच करने लगा, जिस पर तीनों आरोपियों द्वारा हाथ मुक्का से कार के अंदर ही भुनेश्वर के साथ मारपीट की गई, जिससे भुनेश्वर यादव की मौत हो गई। भुनेश्वर यादव की मृत्यु हो जाने से घबराकर आरोपी नोहर रात्रे द्वारा शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने नांदगांव के रिश्तेदार मामा श्रवण जांगड़े के घर गया और उसे घटना के बारे में बताया और मामा के साथ मिलकर नांदगांव स्थित महानदी के किनारे स्थित टापू पर मृतक भुनेश्वर यादव के शव को हाथ से गड्डा खोदकर गाड़ दिया। उक्त प्रकरण पर से महासमुंद पुलिस द्वारा अपराध क्र. 322/2026 धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत व हेमचंद बंजारे से ब्रेजा कार क्र. सीजी 04 पीएच9996 एवं आरोपीगण के संयुक्त कब्जे से 04 नग मोबाईल जप्त कर आरोपियों का न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।












