महासमुंद में अवैध धान के खिलाफ प्रशासन का बड़ा प्रहार: 72 घंटे में ताबड़तोड़ जब्ती

Must read

Babapost
Babaposthttps://www.babapost.in
हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

महासमुंद. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अवैध रूप से धान का भंडारण, परिवहन और तय सीमा से अधिक स्टॉक रखने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक अमले ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर विनय लंगेह के स्पष्ट निर्देशों पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने 20 से 22 नवंबर के बीच जिले की अलग-अलग तहसीलों में लगातार छापेमारी कर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया है।

20 नवंबर को गांजर और बम्हनी में हुई बड़ी कार्रवाई

प्रशासनिक कार्रवाई के पहले दिन कोमाखान तहसील के ग्राम गांजर में अवैध भंडारण का मामला सामने आया। यहां राजेश साहू पिता दशरथ साहू के मकान में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन और चूरामन पिता भगनानी द्वारा रखे गए 600 कट्टा अवैध धान को मंडी अधिनियम के अंतर्गत जब्त किया गया।

Join WhatsApp Group

इसी कड़ी में बम्हनी धान उपार्जन केंद्र और बरोण्डा बाजार का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान धान के स्टैक तिरपाल से ढंके मिले। अधिकारियों ने समिति प्रबंधक को पर्याप्त मात्रा में तिरपाल रखने, उन्हें रस्सियों से अच्छी तरह बांधने तथा केंद्र के आसपास जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, महासमुंद तहसील के ग्राम बम्हनी में फुटकर कारोबारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के पास तय सीमा से अधिक मिला 52.80 क्विंटल (132 कट्टा) धान जब्त किया गया।

21 नवंबर को सरायपाली से पिथौरा तक चला छापेमारी अभियान

दूसरे दिन जिले के कई इलाकों में टीमों ने दबिश दी। सरायपाली तहसील के एक ग्राम स्थित गोदाम से प्रहलाद साहू का 100 कट्टा अवैध धान जब्त हुआ। बसना तहसील के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा अवैध धान पकड़ा गया।

इसे भी पढ़ें – महासमुंद में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, भलेसर के दो गोदामों से 975 कट्टा धान जब्त

परिवहन के दौरान भी सख्ती दिखाई गई, जब खेमड़ा के राकेश पांडे को पिकअप गाड़ी में 65 कट्टा अवैध धान ले जाते हुए पकड़ा गया और आगे की कार्रवाई के लिए मंडी विभाग को सौंपा गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की।

मरौद और बम्हनी में भी जब्त हुआ स्टॉक

एसडीएम महासमुंद श्रीमती आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा और मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई, साथ ही मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी जायजा लिया गया।

इसके अलावा पिथौरा तहसील के ग्राम बम्हनी में एसडीएम ने कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम की जांच की, जहां 300 पैकेट रबी फसल का धान भंडारित पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।

इसे भी पढ़ें – महासमुंद: NH-53 पर सूखा नाला के पास भीषण सड़क हादसा, पल्सर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

22 नवंबर को कोमाखान व सरायपाली में जारी रही दबिश

अभियान के तीसरे दिन भी अवैध स्टॉक के खिलाफ कार्रवाई थमी नहीं। कोमाखान तहसील के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से 150 कट्टा रबी फसल का धान तथा ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में 350 बोरा रबी फसल का धान रखे जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं सरायपाली तहसील के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी नजर

धान खरीदी केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और संदिग्ध वाहनों पर जिला प्रशासन की सतत निगरानी बनी हुई है। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध संग्रहण या परिवहन की कोई भी जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच करें और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

More articles

Read Now