महासमुंद. एनएच-53 पर पिथौरा थाना क्षेत्र के लाखागढ़ के पास बीती रात भीषण आग लगने से दो ट्रक जल गए। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पिथौरा थाना प्रभारी के अनुसार, एक ट्रक में चावल लदा हुआ था और खराब होने के कारण उसे एनएच-53 पर लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहे दोना-पत्तल से लदा दूसरा ट्रक खराब ट्रक के पास पहुंचा तो उसके इंजन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े चावल लदे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग तेजी से फैलने के कारण दोनों ट्रक जलने लगे। स्थिति को भांपकर दूसरे ट्रक के चालक ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से फायर ब्रिगेड वाहनों को बुलाया गया, इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
तुमगांव में ट्रेलर में लगी आग
आग लगने के दूसरे मामले में एनएच-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान ट्रेलर का चालक खाना खाने गया हुआ था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक एनएलओ 1 एबी 0769 लोहे का सामान लेकर नागपुर से कोलकाता जा रहा था। चालक ने एनएच-53 पर स्थित ज्ञानी ढाबा के पास ट्रेलर खड़ा किया और खाना खाने के लिए ढाबे में चला गया। इसी दौरान ट्रेलर के केबिन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलने पर महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







