Gold Silver Rate Today: नई दिल्ली. बजट 2026 से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में ऐसी जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है, जिसने आम निवेशकों से लेकर बड़े बाजार खिलाड़ियों तक को चौंका दिया है। MCX पर गोल्ड और सिल्वर दोनों ही अपने-अपने ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच चुके हैं। हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और बाजार में सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है—अब आगे क्या?
MCX पर आज कितना महंगा हुआ सोना?
MCX पर फरवरी 2026 एक्सपायरी वाला सोना शाम 7:45 बजे तक 5.91% यानी ₹9,800 की छलांग लगाकर ₹1,75,715 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। ट्रेडिंग के दौरान इसने ₹1,80,779 का ऑल टाइम हाई छुआ, जबकि दिन का निचला स्तर ₹1,69,882 रहा। पिछले कारोबारी सत्र में यही सोना ₹1,65,915 पर बंद हुआ था। अप्रैल 2026 एक्सपायरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में और भी जबरदस्त तेजी दिखी। इसमें 8.35% की उछाल के साथ भाव ₹1,91,950 तक पहुंच गए और ₹1,93,096 का नया रिकॉर्ड बना। लंबी अवधि के कॉन्ट्रैक्ट्स में तेजी और ज्यादा तीखी रही। जून 2026 एक्सपायरी वाला सोना ₹2,02,984 तक पहुंचकर ₹2 लाख के पार चला गया, जबकि अगस्त 2026 एक्सपायरी गोल्ड ने ₹2,04,375 का नया इतिहास रच दिया।
सोने की कीमतों का सफर: कितनी तेजी से बदली तस्वीर
सोने को ₹10,000 से ₹1,80,000 तक पहुंचने में जहां पहले कई साल लगते थे, वहीं अब कुछ ही दिनों में हजारों रुपये की छलांग देखने को मिल रही है। जनवरी 2026 के आखिरी हफ्ते में तो हालात ऐसे रहे कि सोना रोज नया माइलस्टोन छूता चला गया, जिससे इसकी तेजी की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चांदी ने भी मचाया तहलका, ₹4.20 लाख के पार
चांदी ने तो निवेशकों को और भी ज्यादा चौंका दिया है। MCX पर सिल्वर लगातार तीसरे दिन ₹30,000 से ज्यादा उछली। शाम 7:45 बजे तक चांदी 9% यानी ₹34,682 की तेजी के साथ ₹4,20,048 प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी, जो इसका अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। दिन के दौरान इसका लो लेवल ₹3,95,001 रहा, जबकि पिछला क्लोज ₹3,85,366 था। सिर्फ तीन कारोबारी दिनों में चांदी करीब ₹1 लाख महंगी हो चुकी है। आगे के कॉन्ट्रैक्ट्स में तेजी और भी आक्रामक दिखी। मई 2026 एक्सपायरी सिल्वर ₹4,39,337 तक पहुंची, जबकि जुलाई 2026 एक्सपायरी कॉन्ट्रैक्ट ने ₹4,57,328 का नया ऑल टाइम हाई बना दिया।
चांदी की कीमतों का ऐतिहासिक उछाल
चांदी की कीमतों का इतिहास देखें तो साफ दिखता है कि पिछले कुछ महीनों में इसकी रफ्तार कई गुना तेज हुई है। जहां पहले ₹10,000 या ₹20,000 की बढ़त में सालों लगते थे, वहीं अब कुछ घंटों और दिनों में ही नए स्तर पार हो रहे हैं। जनवरी 2026 में चांदी ने जिस तरह से ₹3 लाख से ₹4.20 लाख का सफर तय किया है, वह बाजार के लिए एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
सोने-चांदी में अचानक क्यों आई तूफानी तेजी?
कीमती धातुओं में इस जबरदस्त उछाल की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से जुड़ी अहम खबर मानी जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि फेडरल रिजर्व के नए प्रमुख की जल्द घोषणा हो सकती है और नई लीडरशिप के तहत ब्याज दरों में कटौती की संभावना बन रही है। ब्याज दरों में कटौती के संकेत मिलते ही डॉलर कमजोर होता है और निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों जैसे सोना और चांदी की ओर तेजी से रुख करते हैं। इसी वजह से दोनों धातुओं में रिकॉर्डतोड़ खरीदारी देखने को मिल रही है।
आगे क्या? निवेशकों के लिए क्या है संकेत
बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो फरवरी के पहले हफ्ते में सोना ₹2.50 लाख और चांदी ₹5 लाख के स्तर को भी छू सकती है। हालांकि इतनी तेज तेजी के बाद उतार-चढ़ाव का जोखिम भी बढ़ जाता है। इसलिए निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने से पहले सोच-समझकर और संतुलित रणनीति के साथ निवेश करें।
UPSC Civil Services 2026: आईएएस, आईपीएस बनने परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर