महासमुंद. करोड़ों के धान की राशि के गबन के आरोप में नरसैयापलम धान उपार्जन केंद्र प्रभारी को बसना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जिले में आर्थिक अपराधों, भ्रष्टाचार एवं सरकारी संपत्ति के गबन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा कड़े निर्देश दिए गए हैं। जिसके परिपालन में जिला पुलिस द्वारा लगातार प्राप्त शिकायतों व सूचनाओं पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
29 मई को उसत कुमार प्रधान (शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. पिरदा) द्वारा थाना बसना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, धान उपार्जन केंद्र नरसैयापल्लम (प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी) में 16.05.2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में 3,642.72 क्विंटल (9,107 कट्टे) मोटा धान कम पाया गया। उक्त धान का समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1,12,92,432 का गबन होना पाया गया।
इस गंभीर शिकायत पर तत्काल थाना बसना में अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 316(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले में थाना बसना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण के मुख्य आरोपी धान उपार्जन केंद्र प्रभारी महेंद्र प्रधान को 30 मई को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी महेंद्र प्रधान को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड स्वीकृत कराकर जेल दाखिल किया गया है। प्रकरण में अन्य लोगों के संलिप्त होने के संबंध में भी विवेचना की जा रही है
जिले में राईस मिलों के भौतिक सत्यापन के लिए जांच दल गठित








