महासमुंद. जिले की पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सट्टा का संचालन नागपुर से किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने बताया कि थाना सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भगतदेवरी में नरेश निषाद की दुकान में नरेश निषाद एवं मनोहर मांझी आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेला जा रहा है। इसके बाद छापा मारकर आरोपी नरेश निषाद, मनोहर मांझी के मोबाइल फोन की जांच की गई। आरोपियों ने बताया कि नागपुर के मधुसूदन से बात कर आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा लगाते थे एवं हार जीत का पेमेंट लोकल व्यक्ति के माध्यम से प्राप्त किया जाता था। फोन-पे के माध्यम से भी ग्राहकों से पैसे लिए जाते है। इसके बाद इस मामले में नरेश निषाद पिता जुनू निषाद (40 साल) भगत देवरी, मनोहर मांझी पिता उत्तम मांझी (38 साल) निवासी नवागांव टुकड़ा सांकरा, सट्टा संचालक मधुसूदन ठाकरे पिता राजेंद्र ठाकरे (40 साल) निवास जैताला नागपुर महाराष्ट्र (संचालक) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1)के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि थाना सांकरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब कई अन्य बड़े सटोरिए और खाईवाल भी जांच के दायरे में हैं। पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स, व्हाट्सएप चैट और फोन-पे के ट्रांजैक्शन डेटा को खंगालने पर कई संदिग्ध नंबर और लोकल एजेंटों के सुराग मिले हैं। नागपुर के मुख्य सट्टा संचालक मधुसूदन से जुड़े इस नेटवर्क के तार स्थानीय स्तर पर कई और खाईवालों से जुड़े होने की प्रबल आशंका है। पुलिस टीम अब इन संदिग्धों की धरपकड़ के लिए मोबाइल लोकेशन और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड के आधार पर कड़ियां जोड़ रही है, जिससे जल्द ही इस ऑनलाइन सट्टा रैकेट से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों की गिरफ्तारी होने की पूरी संभावना है।
मशीनरी सामानों के बीच छिपाया 3 करोड़ का गांजा, दूसरे मामले में सप्लायर सहित चार लोगों पर कार्रवाई









