महासमुंद. गांजा के दो और नशीली दवा के अवैध परिवहन के एक मामले में बसना और सिंघोड़ा पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 लाख का गांजा और नशीली दवा को बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 14 जुलाई को सूचना मिली थी कि पदमपुर रोड ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्र सीजी 10 एबी 6529 से बसना की ओर अवैध मादक पदार्थ गांजा लाया जा रहा है। मौके पर पहुंचेकर पुलिस ने वाहन को रूकवाया, जिसमें केवल चालक ही था। जिसने पूछताछ में अपना नाम धनीराम साहू पिता तुलस राम साहू (31 साल) निवासी लोहरसी(सोन) थाना पचपेड़ी बिलासपुर छग होना बताया। कड़ाई से पुछने पर वाहन में पीछे बोरियों में गांजा होना बताया। गांजा लाने की योजना उसने शिवरीनारायण मेला स्थल में एक सप्ताह पूर्व मिले नायक भैया नाम के व्यक्ति साथ मिलकर बनाई थी। उसी दिन नायक भैया ने एक नोकिया कंपनी का कीपैड मोबाईल दिया, जिसमें आरोपी ने अपना सिम कार्ड लगाया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई को ओडिशा के एक व्यक्ति से मिला और गांजा को वाहन के पीछे लोड किया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50.200 किलोग्राम गांजा कीमत 25,00,000 रुपए को बरामद किया। इसके अलावा मोबाइल व वाहन भी जब्त किए गए। मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 20 (बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
गांजा के अवैध परिवहन के दूसरे मामले में बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर में वाहन चेकिंग के दौरान हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसायकल क्रमांक ओडी 03 जेड 5791 में सवार दो व्यक्ति को रोका। पूछताछ में संदेहियों ने बैग में गांजा रखना होना बताया। साथ ही संदेहियों ने अपने नाम भेला सागर भोई पिता पूर्णचंद्र भोई (50 साल) निवासी डूमेरपदर थाना पाटनागढ़ जिला बलांगीर ओडिशा तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय दास पिता पुणू दास (36 साल) निवासी डूमेरपदर थाना पाटनागढ जिला बलांगीर ओडिशा होना बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4.220 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमत 2,00,000 रुपए, बाइक व मोबाइल को बरामद किया। मामले में आरोपियों के विरूद्ध धारा 20 (ख)(ii)(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
नशीली दवा जब्त, दो लोग गिरफ्तार
सिंघोड़ा पुलिस ने नशीली दवा का अवैध परिवहन करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई को मुखबीर से सूचना मिली कि 02 व्यक्ति एक काले कलर की स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीपी 9850 में अवैध रूप से सिरप एवं टेबलेट लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ की ओर आ रहे हैं। इसके बाद ग्राम रेहटीखोल चौक में पहुंच कर उक्त स्कूटी को रोका गया। स्कूटी में दो लोग सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम शिवम दास उर्फ सोनू पिता जगमोहन दास (32 साल) बिलासपुर राजीव गांधी चौक मांझवापारा थाना तिफरा जिला बिलासपुर छग तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम संतोष सिंह पिता राकेश सिंह (38 साल) पंडरीडीह थाना हिर्री जिला बिलासपुर छग का निवासी होना बताए। वहीं कड़ाई से पूछताछ करने पर स्कूटी की डिक्की के अंदर सिरप एवं टेबलेट रखा होना बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान 10 नग विन कोरेक्स कफ सिरप कीमत 2034.400 रुपए, व 05 पत्ता एसपी एएसएमओ प्रोक्सीवॉन प्लस टैबलेट कीमत 457.50 रुपए को बरामद किया। मामले में आरोपियों के धारा 21(सी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।









