महासमुंद. शराब की अवैध बिक्री और परिवहन के तीन मामलों में जिले की पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध महुआ शराब बनाने, बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी के तहत 05 अक्टूबर को बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दलदली के सामने जंगल रनकोट जाने वाली पगडंडी रास्ते में तीन व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री करने के लिए ले जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घेराबंदी कर छापामार कार्रवाई की। मौके संदेही विजय कुमार पिता सरोज रति सोनी (30 साल), त्यागी सोनी पिता जगसाय सोनी (29 साल) व महेश राम यादव पिता लक्ष्मण यादव (50 साल) सभी निवासी ग्राम गढ़गांव चौकी भंवरपुर के कब्जे से लगभग 100 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब (कीमत 20,000 रुपए) को बरामद किया गया।
इसी तरह दूसरे मामले में बसना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति जुपिटर स्कूटी क्रमांक सीजी 06 एचडी 7658 में अवैध रूप से देसी शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना पर चौकी भंवरपुर पुलिस टीम ने ग्राम जमदरहा हाई स्कूल के पास पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। जिसने पूछताछ में अपना नाम सूर्यकांत चौहान पिता तेज कुमार चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम भैरोपुर थाना सांकरा का रहने वाला बताया। संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब (कीमत 3200 रुपए) को बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक जुपिटर स्कूटी कीमती करीब 50 हजार रुपए को कब्जे में लिया गया। मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तीसरे मामले को लेकर सरायपाली पुलिस ने बताया कि 05 अक्टूबर की रात्रि करीब 8 बजे घटनास्थल ग्राम आवलाचक्का मेन रोड मे आरोपी अमित कुमार बसंत पिता केदारनाथ (32 वर्ष) आंवलाचक्का के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब कीमत करीब 6000 रुपए को बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।







