Trending News

---Advertisement---

बाहर कचरा फेंका तो होगी कार्रवाई, नगर पालिका सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण

On: October 6, 2026
Nagarpalika Mahasamund

महासमुंद. नगर में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा सख्ती शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने स्वच्छता प्रभारी एवं स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी के साथ विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे कचरा फेंके जाने की स्थिति पाए जाने पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कचरा हटाने तथा कचरा फैलाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएमओ सौरभ शर्मा ने कहा कि नगर पालिका द्वारा नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा संग्रहण की सेवा नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा यूजर चार्ज जमा नहीं करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से स्टेशन रोड क्षेत्र की कुछ होटल एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा गंदगी फैलाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने के निर्देश दिए। संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा कचरा प्रबंधन एवं नगर पालिका की कचरा संग्रहण व्यवस्था का पालन किया जा रहा है अथवा नहीं, इसकी जांच की जाएगी।

सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान पाए जाने वाले ऐसे होटल, दुकान एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की जाए, जहां से नियमित रूप से कचरा निकलता है, लेकिन यूजर चार्ज जमा नहीं किया जा रहा है अथवा कचरा निर्धारित व्यवस्था के विपरीत बाहर फेंका जा रहा है। ऐसे मामलों में नोटिस, जुर्माना एवं नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नगर पालिका अब सख्त कार्रवाई करेगी। आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका द्वारा सक्षम न्यायालय की शरण लेकर भी सार्वजनिक स्वच्छता एवं नगर हित में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित समय एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें तथा नगर पालिका द्वारा निर्धारित यूजर चार्ज का नियमित भुगतान करें।

Babapost

हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now