महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। मृतक युवक रात के समय खाना खाने के बाद अपनी पल्सर बाइक से घूमने के लिए निकले थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सूखा नाला के समीप घटित हुई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर एनएच से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक आगे चल रही एक कार से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान ग्राम बरतुंगा के निवासी भूपेन्द्र ध्रुव (उम्र 22 वर्ष) और राकेश ध्रुव (उम्र 23 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातम पसर गया है।
इसे भी पढ़ें – भीषण सड़क हादसा: बागबाहरा एनएच पर खड़े ट्रक से भिड़ी एंबुलेंस, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत और 3 गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने दोनों की जांच की, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिथौरा पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

