महासमुंद. छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित ऐतिहासिक तीर्थ स्थल गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया है। गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान के निर्माण का भी ऐलान किया।
पांच शताब्दी पुरानी विरासत और साझा आस्था का संगम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग पांच सौ वर्ष पूर्व प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा गुरु साहिब के सम्मान में पांच एकड़ भूमि दान दिए जाने का ऐतिहासिक प्रसंग आज भी इस क्षेत्र की उदारता और सद्भाव की मिसाल है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गढ़फुलझर केवल एक पूजा स्थल नहीं, बल्कि सिख, कोलता और आदिवासी समाज सहित सभी समुदायों की साझा आस्था का केंद्र है। सरकार इस पवित्र धाम का समग्र विकास कर इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनाएगी।
इसे भी पढ़ें – मोदी कैबिनेट ने दी परिसीमन बिल को मंजूरी, जानें क्या हैं इसके प्रावधान
धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को मिलेगी नई गति
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की मंजूरी के साथ-साथ अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान की स्थापना से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के अनुसार इन निर्माण कार्यों से न केवल धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार होगा, बल्कि गढ़फुलझर राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में भी उभरेगा। कार्यक्रम में मौजूद बसना विधायक संपत अग्रवाल ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ की धरती पर गुरु नानक देव जी से जुड़ा यह स्थल अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और लंगर सेवा का संदेश
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने गुरु नानक देव जी के मानवतावादी दर्शन को याद करते हुए कहा कि उनका ‘सरबत दा भला’ का सिद्धांत समूचे विश्व के कल्याण का मार्ग दिखाता है। उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर प्रथा सामाजिक समानता का सबसे जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर हर व्यक्ति एक ही पंगत में बैठकर भोजन करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार भी ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस गरिमामय आयोजन में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी और छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

