महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ वन विभाग कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर आ रही जेसीबी से सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक जेसीबी मशीन गली से निकलकर मुख्य सड़क की ओर आ रही थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रहा तेज रफ्तार बाइक सवार जेसीबी से जा भिड़ा। मृतक युवक की पहचान ग्राम देवरी निवासी पुनीत तांडी पिता स्व शिवनारायण तांडी के रूप में हुई है। गंभीर चोटें आने के कारण पुनीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।







