महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार बंदियों के फरार होने के मामले में पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। फरार हुए चार आरोपियों में से एक बंदी पंचराम निषाद को पुलिस ने सरायपाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। जांजगीर-चांपा जिले का निवासी पंचराम चोरी के आरोप में पिछले कई महीनों से महासमुंद जिला जेल में बंद था।
जेल से बंदियों के फरार होने की इस घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार बंदियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
दीवार फांदकर फरार हुए थे चार बंदी
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच महासमुंद जिला जेल में बंद चार बंदी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गए थे। बताया गया कि चारों बंदी जेल की दीवार फांद कर फरार हुए थे।
सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और फरार बंदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी तलाश शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें – महासमुंद जेल ब्रेक: दीवार फांदकर 4 कैदी फरार, पुलिस तलाश में जुटी | Mahasamund Jail Break News
सरायपाली में मिला फरार बंदी पंचराम निषाद
पुलिस की तलाश के दौरान जांजगीर-चांपा जिले के निवासी पंचराम निषाद को सरायपाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। वह चोरी के मामले में न्यायिक हिरासत के तहत जिला जेल में बंद था। जेल से फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद पंचराम से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के जरिए फरार होने की घटना से जुड़े तथ्यों और उसके अन्य साथियों के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के तीन बंदी अब भी फरार
जेल से फरार हुए चार बंदियों में दो मध्य प्रदेश, एक राजस्थान और एक जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था। पंचराम निषाद की गिरफ्तारी के बाद अब मध्य प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले तीन बंदियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अलग-अलग टीमों को तलाश अभियान में लगाया गया है। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

