महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की गृह एवं जेल विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आगामी जनगणना की तैयारियों, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण, ग्रामीण आजीविका और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।
CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना भी जरूरी है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निराकरण में निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले।
बैठक में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने जेल सुरक्षा को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के कार्यों को दें प्राथमिकता
बैठक में वीबी राम जी के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। इनमें आजीविका डबरी, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, डीफांक और बोरवेल निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल रहे।
प्रभारी सचिव ने इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जल संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़े कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उनके अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों को मजबूत करना और आजीविका के साधनों का विस्तार करना ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
महिला स्व-सहायता समूहों को बड़े ऋण और रोजगार से जोड़ने पर जोर
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की समीक्षा के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई।
प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने कहा कि महिला समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें बड़े ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाए। साथ ही समूहों को स्वरोजगार, उत्पादन और आय बढ़ाने वाली गतिविधियों से जोड़ा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला स्व-सहायता समूहों को ऐसे व्यवसायों और आजीविका गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाए, जिनसे उनकी नियमित आमदनी बढ़ सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
धान के बजाय दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती को करें प्रोत्साहित
कृषि विभाग की समीक्षा में खेती के पारंपरिक तरीकों के साथ फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। प्रभारी सचिव ने किसानों को धान की खेती के विकल्प के रूप में दलहन, तिलहन और मिलेट्स फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ उद्यानिकी फसलों के विस्तार पर भी ध्यान देने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कृषि विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर किसानों को खेती के वैकल्पिक साधनों की जानकारी दी जाए।
प्रभारी सचिव के अनुसार फसल विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत और जोखिम को संतुलित करने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिल सकती है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। इसके अलावा बैठक में अन्य विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व मामलों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके लिए विभागीय स्तर पर कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने और लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
जनगणना की तैयारी और छोटे बच्चों के आधार कार्ड बनाने विशेष शिविर
आगामी जनगणना को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने संबंधित अधिकारियों को अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों का आधार पंजीयन कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।
इन शिविरों का आयोजन जिला अस्पताल के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में भी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों को आधार कार्ड की सुविधा मिल सके और कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे।
बैठक में कलेक्टर और जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशासनिक कामकाज, जनहितकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी सचिव ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना, नागरिकों की शिकायतों का समाधान करना और जिले के विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

