महासमुंद जिले में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र हितग्राहियों तक लाभ सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य किया गया है।
जिले में इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 367 सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को अधिकृत किया गया है। इन केंद्रों के साथ-साथ विभिन्न चॉइस सेंटरों के माध्यम से भी ई-केवाईसी का कार्य निरंतर जारी है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जटवार के अनुसार, 1 अप्रैल से विशेष शिविरों का आयोजन कर पात्र विवाहित महिलाओं का ई-केवाईसी किया जा रहा है। जिले में कुल 3,03,808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना है, जिसमें अब तक 1,20,827 महिलाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
शेष 1,82,981 हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे नजदीकी शिविरों में पहुंचकर समय पर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे।
ई-केवाईसी के लिए जरूरी दस्तावेज:
- आधार कार्ड
- योजना में पंजीकृत मोबाइल नंबर
सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र महिला तक योजना का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से पहुंचे, जिसके लिए यह अभियान लगातार जारी है।








