Trending News

---Advertisement---

बड़े भाई को धान से भरे कमरे में ले जाकर लगा दी आग, हुई मौत, जमीन बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद

On: April 22, 2026
बागबाहरा थाना
---Advertisement---

महासमुंद. ग्राम आमगांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को धान से भरे कमरे में ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में बड़े भाई की दर्दनाक मौत हो गई। मामले को लेकर रिपोर्ट पर बागबाहरा थाने में आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस ने मामले को लेकर बताया कि मरार कसहीबाहरा निवासी मालती साहू ने रिपोर्ट लिखाई है। प्रार्थिया ने बताया कि करीब 10 माह पूर्व कृष्णकांत दुबे से उसका परिचय हुआ था, तब से वह और कृष्णकांत दुबे पति-पत्नी के रूप मे रायपुर में रह रहे थे। वह कुछ दिनों बाद कृष्णकांत से शादी करने वाली थी।

प्रार्थिया ने बताया कि कृष्णकांत दुबे ने उसे बताया था कि उसकी पैतृक जमीन ग्राम आमगांव में है, जहां उसकी मां तिरथ दुबे एवं छोटा भाई दौलत दुबे रहकर जमीन की देखरेख करते है। कृष्णकांत दुबे का जमीन बंटवारे का विवाद काफी दिनों से चल रहा था। 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे प्रार्थिया, कृष्णकांत दुबे के साथ आमगांव गए थे। वहां पहुंचकर कृष्णकांत दुबे ने घर में उपस्थित अपनी मां से पूछा कि दौलत कहां है, तब उसकी मां ने बताया वह लकडी लाने के लिए बाहर गया है। कुछ देर मे दौलत आया, तब दौलत को देखकर कृष्णकांत दुबे ने कहा कि जमीन का बंटवारा करना है। इस बात पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। उसी समय कृष्णकांत दुबे ने घर मे पड़े डंडे से दौलत के पैर में मारा, तब दौलत अपने घर के अंदर जाकर हंसिया लेकर आया और कृष्णकांत दुबे के बांये हाथ की कलाई तथा बांये कंधे में मारा। जब कृष्णकांत दुबे बचने के लिए चिल्लाया तब उसके भाई दौलत ने कृष्णकांत दुबे को धान एवं महुआ वाले कमरे में धक्का मारकर घुसा दिया।

प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि इस दौरान उसने कृष्णकांत दुबे को बचाने की कोशिश की। इसके बाद दौलत ने धान एवं महुआ वाले कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और अपने दुकान में रखे पेट्रोल से भरा प्लास्टिक का जरीकेन और माचिस को लेकर आया और बोलने लगा कि जब-जब यह आता है मुझे बेरहमी से मारपीट करता है, आज मै इसे नहीं छोडूंगा कहा। जब प्रार्थिया दौलत को रोकने गई तब उसने अपने हाथ से पीठ में मारा और चिल्लाकर गांववालों को बताया कि दोनों भाई आपस में मारपीट कर रहे है। इसी बीच दौलत ने बाहर का दरवाजा बंद कर दिया और कहा कि आज इसे जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद जब प्रार्थिया ने धान एवं महुआ वाले कमरे की खिडकी से देखा तब दौलत ने उस कमरे में घुसकर पेट्रोल को कृष्णकांत दुबे के शरीर में डालकर आग लगा दिया। बाद में पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई। आग बुझने पर देखा कि कृष्णकांत दुबे बुरी तरह जल गया था और उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले की रिपोर्ट पर बागबाहरा थाने में आरोपी के विरूद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Admin

हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now