महासमुंद. चांदी की चेन लूटने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपियों के विरूद्ध बसना थाने में जुर्म दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया प्रार्थी राकेश सहिस (25 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 1 सरायपालीने थाना बसना में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20 अप्रैल को वह अपने भाई की स्कूटी सीजी 06 एचसी4934 से भंवरपुर में एक शादी में शामिल होने के बाद गढ़पटनी जा रहा था। गढ़पटनी रोड पर शराब भट्टी के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने प्रार्थी से पैसों की मांग की और मना करने पर मारपीट कर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से 500 रुपये नगद, गले में पहनी चांदी की चेन और एक काले रंग का रेडमी पावर बैंक लूट कर मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना बसना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध लूट का मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बसना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिरों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की और घटना के महज 2 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को ट्रेस कर लिया गया।
पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी आकाश पीटर पिता चिनप्पा पीटर(33 साल)निवासी वार्ड नं. 11 बसना और मनीष सोनवानी पिता संतोष सोनवानी(19 साल)निवासी वार्ड नं. 6 बसना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनकी निशानदेही पर लूटी गई समस्त सामग्री चांदी की चेन, पावर बैंक, नकद रकम को बरामद किया गया।








