महासमुंद. जिले में आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ जनगणना निदेशालय के निर्देशों के अनुसार, जिले में मकान सूचीकरण और आवास गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बिना अनुमति नहीं मिलेगी छुट्टी
नई व्यवस्था के अनुसार—
- कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना कलेक्टर की पूर्व अनुमति के अवकाश नहीं ले सकेगा।
- बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई है।
- विशेष परिस्थितियों में छुट्टी के लिए आवेदन जिला जनगणना शाखा के माध्यम से देना अनिवार्य होगा।
- पहले से स्वीकृत छुट्टियों के लिए भी अब पुनः अनुमति लेना जरूरी होगा, अन्यथा वे अमान्य मानी जाएंगी।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सभी विभाग प्रमुखों की यह व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि वे इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है।









