महासमुंद. सिरपुर स्थित जेपी केयर अस्पताल के संचालक के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में आरोपियों के विरूद्ध तुमगांव थाने में जुर्म दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी परमानंद साहू ने तुमगांव थाने में रिपोर्ट लिखाई है कि वह जेपी केयर अस्पताल ग्राम सिरपुर का संचालक है। 6 अक्टूबर को अस्पताल में काम करने वाला राकेश साहू अपने घर से खाना खाकर वापस आ रहा था, जिसे हरि ध्रुव ने अंबेडकर चौक के पास रोका और बाइक में बैठाने कहा, मना करने पर हरि ध्रुव ने राकेश के साथ गाली गलौज किया। उसी समय राकेश साहू के बुलाने पर प्रार्थी और टिकेश्वर साहू वहां गये, दोनों को समझाया। कुछ देर बाद जब वह अस्पताल पहुंचा तो वहां राकेश साहू, टिकेश्वर साहू उपस्थित थे। इस दौरान राजेश ठाकुर ने हरि ठाकुर से माफी मांगने के लिए चलने कहा।
तब प्रार्थी, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू के साथ करीबन 09.30 बजे लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास ग्राम सिरपुर गया, जहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। हरि ध्रुव उन लोगों को देख कर तीनों के साथ गाली गलौज करते हुए हाथ मुक्का से मारपीट करने लगा और अपने हाथ में रखे धारदार चाकू से मारने लगा, जिससे गले व ठुड्डी में चोट आई। मामले की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 109(1), 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।






