महासमुंद. नगर पालिका क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित सामग्री की चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं को नगर पालिका प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। नगर के 9 अलग-अलग स्थानों पर जलापूर्ति से संबंधित सामग्री चोरी होने की घटनाओं के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा द्वारा थाना प्रभारी को पत्र प्रेषित कर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। प्रकरण की गंभीरता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी में रखने के उद्देश्य से थाना प्रभारी को प्रेषित पत्र की सूचनार्थ प्रतिलिपि नगर पालिका अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भी प्रेषित की गई है।
सार्वजनिक संपत्ति की चोरी बर्दाश्त नहीं: नपाध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था नगरवासियों से सीधे जुड़ी आवश्यक नागरिक सेवा है। जलापूर्ति के लिए स्थापित पाइप, वाल्व, केबल, मोटर एवं अन्य सामग्री नगर की सार्वजनिक संपत्ति है। इन सामग्रियों की चोरी से नगर पालिका को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है।
चोरी से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है: जल प्रभारी
नगर पालिका के जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार ने बताया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को संचालित करने के लिए आवश्यक पाइपलाइन, वाल्व, केबल, मोटर एवं अन्य उपकरण स्थापित किए गए हैं। इन सामग्रियों की चोरी होने पर संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में कठिनाई होती है तथा नगर पालिका को अतिरिक्त मरम्मत एवं प्रतिस्थापन व्यय भी करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि 9 स्थानों पर जलापूर्ति संबंधी सामग्री की चोरी की घटनाएं संज्ञान में आने के बाद प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।






