महासमुंद के गढ़सिवनी स्कूल में बाल दिवस और जनजातीय गौरव दिवस पर सजा आनंद मेला, बच्चों ने चूल्हे पर बनाए पकवान, दिखाई उद्यमिता की प्रतिभा

Must read

Babapost
Babaposthttps://www.babapost.in
हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के शासकीय पदुमन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़सिवनी में बाल दिवस और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष बाल मेला (आनंद मेला) आयोजित किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, पाक कला और व्यावहारिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में लगे विभिन्न खाद्य स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने खुद व्यंजन तैयार कर न केवल अपने हुनर का परिचय दिया, बल्कि आत्मनिर्भरता और उद्यमिता का संदेश भी दिया।

महापुरुषों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा, छत्तीसगढ़ महतारी और दाऊ पदुमन सिंह के छायाचित्रों पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान पूर्व सरपंच इंद्र कुमार साहू, शाला विकास समिति के सदस्य संतोष साहू, विद्यालय के प्राचार्य तुलेंद्र सागर तथा प्रधानपाठक एचआर टंडन उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Group

समारोह में छात्राओं ने आकर्षक आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और लोक परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

पकौड़े से लेकर मोमोज और मंचूरियन तक के लगे स्टॉल

आनंद मेले में मिडिल विभाग से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने लकड़ी के चूल्हे पर पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन तैयार किए। अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने समूह बनाकर खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए और ग्राहकों को कूपन के माध्यम से व्यंजन उपलब्ध कराए।

मिडिल विभाग के मानशी, हर्षिता, धामनी, डिम्पल, ओम, युगेंद्र, दीपांशु एवं समे दास ने पकौड़े, आलू चाप और फिंगर चिप्स के स्टॉल लगाए।

कक्षा नौवीं की छात्राओं ने छोले-पूड़ी और फिंगर चिप्स तैयार किए, जबकि छात्रों के समूह ने गुपचुप, भेल और आलू खस्ता के स्टॉल लगाकर लोगों को आकर्षित किया।

कक्षा दसवीं की छात्राओं साक्षी, दामनी, नियति, छाया एवं उनकी साथियों ने ब्रेड पकोड़ा, आलू चिप्स और भजिया बनाकर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।

इसी तरह कक्षा ग्यारहवीं की थामेश्वरी, सेवती और डिम्पल ने मोमोज का स्टॉल लगाया। वहीं सागर, सत्यम, कान्हा, परशुराम एवं उनके साथियों ने मंचूरियन और मैगी बनाकर मेले में मौजूद लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।

कक्षा बारहवीं की सुनैना, सिमरन, धानी, श्वेता, लुकेश्वरी, प्रीति, रुचि, मोनिषा और रागिनी ने आलू पराठा, सैंडविच, गुलाब जामुन सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। विद्यार्थियों के उत्साह और मेहनत से पूरा विद्यालय परिसर मेले के रंग में रंगा नजर आया।

इसे भी पढ़ें – गढ़सिवनी स्कूल में डीपीओ टिक्वेंद्र जाटवर की मोटिवेशनल क्लास, 8 विद्यार्थियों को मिला सम्मान

शिक्षाविद डॉ. समीरचंद्र प्रधान ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

आनंद मेले में अभिभावकों, विद्यालय के विद्यार्थियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने भी भागीदारी की। सभी ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर व्यंजनों का आनंद लिया और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पटेवा के पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद डॉ. समीरचंद्र प्रधान विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रत्येक स्टॉल पर जाकर कूपन खरीदे और बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद चखा।

उन्होंने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर व्यावसायिक समझ, उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की भावना को मजबूत बनाते हैं। केवल पुस्तकीय शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन में व्यावहारिक अनुभव और काम करके सीखने का अवसर भी बेहद जरूरी है।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों से विद्यार्थियों को कराया परिचित

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य तुलेंद्र सागर ने बाल दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद प्रेम करते थे। इसी कारण उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के महान जननायक, क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया।

बिरसा मुंडा ने समाज में एकता, जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया। उनका साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन

आनंद मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। कूपन वितरण, बिक्री और आर्थिक प्रबंधन की व्यवस्था शिक्षकों की देखरेख में संचालित की गई।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिचय दिया। बाल दिवस और जनजातीय गौरव दिवस के इस संयुक्त आयोजन ने बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान किया।

इस अवसर पर प्राचार्य तुलेंद्र सागर, प्रधानपाठक एचआर टंडन, व्याख्याता वोमन लाल ठाकुर, रितेश जोशी, लक्ष्मी ठाकुर, ममता शर्मा, लुकेश आवले, योगेश साहू, राधेश्याम यादव, तारणी साहू, खिलेश साहू, हरिश्चंद्र साहू, मंथीर यादव, मनीष भृंगराज एवं पुरुषोत्तम कमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, अतिथिगण, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।  babapost.in पर खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें।

More articles

Read Now