Trending News

---Advertisement---

महासमुंद में 76×76 फीट की विशाल ‘भारत मंडला’ रंगोली प्रदर्शनी, सेवा संकल्प अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का किया गया सम्मान

On: October 7, 2026
भारत मंडला रंगोली प्रदर्शनी

महासमुंद. सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विशाल रंगोली प्रदर्शनी का भव्य समापन स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद में हुआ। इस अवसर पर 76×76 फीट की विशाल ‘भारत मंडला’ रंगोली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रदर्शनी का थीम ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रखा गया था।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान और रंगोली प्रदर्शनी को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों, कार्यक्रम प्रभारियों, टीम प्रभारियों और छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

76×76 फीट की विशाल भारत मंडला रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में निर्मित भारत मंडला रंगोली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। 76×76 फीट क्षेत्र में तैयार की गई इस विशाल रंगोली के माध्यम से राष्ट्र भावना, सेवा और एकता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में भी 17×17 फीट आकार की रंगोलियां तैयार कर आम नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित की गईं।

इस रंगोली प्रदर्शनी को सफल बनाने में विभिन्न महाविद्यालयों की 35 टीमों के प्रभारियों के साथ 160 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कला कौशल के माध्यम से सेवा, राष्ट्र और विकसित भारत की भावना को रंगों के जरिए प्रस्तुत किया।

सेवा ज्योति प्रज्ज्वलन का भी हुआ समापन

कार्यक्रम स्थल पर आयोजित भव्य सेवा ज्योति प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का भी समापन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी की जिला नोडल अधिकारी डॉ. रीता पाण्डे, सहायक नोडल अधिकारी मनीराम धीवर, कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला संगठक डॉ. मालती तिवारी, रेखराम शर्मा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे। इनमें डॉ. सरस्वती वर्मा, डॉ. श्वेतलाना नागल, राजेश्वरी सोनी, आशुतोष पुरी गोस्वामी, गायत्री चंद्राकर, निर्मल बंजारे और कांति साहू सहित अन्य अधिकारी एवं सहयोगी शामिल रहे।

नुक्कड़ नाटक और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने बांधा समां

समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय, महासमुंद के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ विषय पर प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और विकास के संदेश को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।

वहीं, शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महासमुंद के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। दर्शकों ने दोनों प्रस्तुतियों की सराहना की।

विद्यार्थियों और अधिकारियों को मिला सम्मान

सेवा संकल्प अभियान महासमुंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और छात्र-छात्राओं को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र सेवा की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

समारोह का संचालन अजय कुमार राजा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. मालती तिवारी ने किया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया।

Read Latest News in Hindi only on Babapost

We're now on WhatsApp. Join Now.

Babapost

हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now